ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित आम बाग विस्थापित कॉलोनी में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां शराब के नशे में धुत एक बेटे ने अपनी ही मां को तमंचे से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत एम्स (AIIMS) ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय आरोपी सुमित गौड़ अविवाहित है और उसे लंबे समय से शराब की बुरी लत है। रविवार रात जब वह नशे की हालत में घर पहुंचा, तो उसकी मां उषा देवी ने उसे शराब पीने को लेकर टोका। इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि सुमित ने अपना आपा खो दिया और तमंचा निकालकर अपनी मां के सिर में गोली मार दी।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल, पुलिस की कई टीमें फरार सुमित की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इसके साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि आरोपी के पास यह अवैध हथियार (तमंचा) कहां से आया।

























