बदरीनाथ से केदारनाथ तक—आस्था के बाजार में संस्कृति का नया पैकेज
कहते हैं बदरीनाथ में शंख नहीं बजता।
अब आप सोचिए, जिस जगह भगवान विष्णु का प्रिय शंख भी शांत रहता है, वहां शायद मौन की क्या कीमत होगी।
किसी ने कभी सोचा होगा कि इतनी ऊंचाई पर, बर्फ से घिरे पहाड़ों के बीच, मंदिर के आसपास शोर कम रहे। स्थानीय मान्यताओं में शंख न बजाने की वजह धार्मिक परंपरा के साथ-साथ हिमस्खलन की आशंका से भी जोड़ी जाती रही है। 2025 में स्थानीय पुजारियों और पर्यावरण से जुड़े लोगों ने भी इस परंपरा का उल्लेख किया था।
लेकिन लगता है समय बदल गया है। अब शंख नहीं बजता, लेकिन डीजे बज सकता है। शंख की आवाज से पहाड़ की शांति भंग होने का डर है, लेकिन पर्यटन के नाम पर तेज संगीत से शायद कोई समस्या नहीं। क्योंकि शंख परंपरा है। और डीजे विकास है।
लेकिन अब सवाल यह है कि जिस धाम में शंख की आवाज तक को लेकर इतनी सावधानी बरती जाती है, वहां डीजे की तेज आवाज और कॉन्सर्ट जैसा माहौल कैसे पहुंच गया?
19 और 20 सितंबर 2026 को बदरीनाथ के पास टूरिस्ट अराइवल प्लाजा में आयोजित ‘देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव’ ने इसी सवाल को जन्म दिया है।‘हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ की थीम पर आयोजीय इस कार्यकर्म का उद्देश्य बताया गया कि सीमांत क्षेत्रों की संस्कृति, स्थानीय उत्पादों और लोक कला को बढ़ावा दिया जाए। आयोजन भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सद्भावना’, चमोली जिला प्रशासन और उत्तराखंड पर्यटन विभाग के सहयोग से हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इसके समापन कार्यक्रम में शामिल हुए।
कागज पर यह आयोजन संस्कृति और विरासत को बचाने की कोशिश दिखाई देता है। लेकिन कार्यक्रम के दौरान सामने आए वीडियो ने एक अलग तस्वीर दिखाई। तेज संगीत, नाच-गाना और ‘भजन जैमिंग’ के नाम पर कॉन्सर्ट जैसा माहौल देखकर सवाल उठने लगे कि क्या धार्मिक स्थलों की संस्कृति को बचाने के लिए अब हमें उन्हीं स्थानों पर मनोरंजन का मंच तैयार करना पड़ेगा?
यही वह जगह है जहां विकास और व्यवसायीकरण के बीच की रेखा धुंधली दिखाई देने लगती है।
बदरीनाथ केवल एक पर्यटन स्थल नहीं है। वह करोड़ों लोगों के लिए आस्था का केंद्र है। यहां आने वाला हर व्यक्ति केवल पहाड़ देखने या मनोरंजन करने नहीं आता। कोई अपने माता-पिता की इच्छा पूरी करने आता है, कोई वर्षों की मनोकामना लेकर आता है और कोई भगवान के सामने कुछ पल शांत बैठने के लिए हजारों किलोमीटर की यात्रा करता है।
लेकिन पिछले कुछ वर्षों में चारधाम यात्रा का पूरा स्वरूप तेजी से बदल रहा है। सड़कें बेहतर हुईं, होटल बढ़े, यात्रा सुविधाएं बढ़ीं, डिजिटल प्रचार बढ़ा और श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ी। यह सब विकास का हिस्सा हो सकता है। समस्या तब शुरू होती है जब तीर्थ की पहचान धीरे-धीरे पर्यटन उत्पाद की भाषा में बदलने लगती है।
आज तीर्थ में ‘फुटफॉल’ देखा जाता है, ‘ब्रांडिंग’ की बात होती है, ‘इवेंट’ बनाए जाते हैं और धार्मिक स्थलों को आकर्षण के केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। सवाल यह नहीं है कि पर्यटन बढ़ना चाहिए या नहीं। सवाल यह है कि पर्यटन बढ़ाते-बढ़ाते हम उस जगह की आत्मा को तो नहीं खो रहे?
ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कार्यक्रम को लेकर आपत्ति जताते हुए बदरीनाथ की परंपराओं का हवाला दिया। उनका कहना था कि जिस स्थान पर शंख तक नहीं बजाया जाता, वहां तेज डीजे और इस तरह के कार्यक्रम धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं हैं। चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत की ओर से भी कार्यक्रम पर विरोध जताया गया। सामाजिक कार्यकर्ता अनूप नौटियाल और कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी समेत अन्य लोगों ने भी आयोजन को लेकर सवाल उठाए।
इन प्रतिक्रियाओं को केवल राजनीतिक बयान या धार्मिक विरोध कहकर खारिज कर देना भी आसान रास्ता होगा। असली सवाल इससे बड़ा है—क्या किसी धार्मिक स्थल पर कार्यक्रम आयोजित करने से पहले वहां की धार्मिक और स्थानीय संवेदनशीलताओं को पर्याप्त महत्व दिया गया?
अगर किसी जगह की पहचान ही उसकी शांति, परंपरा और आध्यात्मिक वातावरण से बनी है, तो वहां आयोजित कार्यक्रम का स्वरूप भी उसी के अनुरूप होना चाहिए। संस्कृति के नाम पर ऐसा आयोजन नहीं होना चाहिए जिसमें संस्कृति पीछे और मनोरंजन आगे निकल जाए।
विडंबना देखिए। हम कहते हैं कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति खतरे में है। हम कहते हैं कि पहाड़ की परंपराएं बचानी हैं। हम कहते हैं कि स्थानीय कलाकारों को मंच देना है। लेकिन जब मंच मिलता है तो कई बार लोक संस्कृति की जगह वही तेज संगीत, बड़े स्पीकर, चमकदार स्टेज और सोशल मीडिया के लिए बनाए गए वीडियो दिखाई देने लगते हैं।
फिर सवाल उठता है—हम संस्कृति बचा रहे हैं या संस्कृति का पैकेज बेच रहे हैं?
आज के दौर में हर चीज को ‘इवेंट’ में बदलने की एक होड़ दिखाई देती है। मंदिर के आसपास आयोजन, धार्मिक स्थलों पर सेल्फी प्वाइंट, बड़े-बड़े प्रचार अभियान और सोशल मीडिया के लिए तैयार किए गए दृश्य। श्रद्धा धीरे-धीरे अनुभव नहीं, बल्कि कंटेंट बनती जा रही है।
केदारनाथ से लेकर बदरीनाथ तक चारधाम यात्रा में सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। लेकिन सुविधा और तमाशे के बीच अंतर समझना भी उतना ही जरूरी है। श्रद्धालु को अच्छी सड़क, साफ शौचालय, स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षित आवास और बेहतर यातायात चाहिए। उसे यह जरूरी नहीं कि हर धाम के पास एक नया मनोरंजन मंच भी खड़ा कर दिया जाए।
उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत उसके पहाड़, नदियां, जंगल और धार्मिक परंपराएं हैं। अगर इन्हीं को बाजार की जरूरत के हिसाब से लगातार बदला जाएगा तो एक दिन हमारे पास पर्यटकों की भीड़ तो होगी, लेकिन वह विशिष्ट अनुभव नहीं बचेगा जिसके लिए लोग यहां आते हैं।
यहां सरकार की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। पर्यटन को बढ़ावा देना सरकार की जिम्मेदारी हो सकती है, लेकिन पर्यटन नीति बनाते समय धार्मिक स्थलों की प्रकृति अलग-अलग समझनी होगी। मसूरी, नैनीताल या ऋषिकेश में किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम का स्वरूप और बदरीनाथ या केदारनाथ जैसे धाम में कार्यक्रम का स्वरूप एक जैसा नहीं हो सकता।
धार्मिक स्थल को सिर्फ लोकेशन समझ लेना सबसे बड़ी भूल होगी।
बदरीनाथ में हुआ आयोजन पर हुए विवाद हमें यही याद दिलाता है कि ‘विकास’ का मतलब हर जगह एक जैसा नहीं होता। कहीं सड़क और अस्पताल विकास हैं, कहीं स्थानीय रोजगार विकास है और कहीं परंपरा को सुरक्षित रखना भी विकास का ही हिस्सा है।
सरकार और प्रशासन ने विवाद के बाद भविष्य में धार्मिक मान्यताओं और स्थानीय परंपराओं का ध्यान रखने की बात कही है। यह बात केवल बयान तक सीमित न रहकर नीति और व्यवहार में भी दिखाई देनी चाहिए।
क्योंकि देवभूमि को केवल पर्यटकों की संख्या से नहीं मापा जा सकता।
अगर चारधाम में आने वाला श्रद्धालु भीड़, शोर, ट्रैफिक और बाजार के बीच भगवान को खोजता रह जाए, तो हमें रुककर सोचना होगा कि हमने यात्रा को आसान बनाया है या उसकी आत्मा को मुश्किल।
शंख की आवाज से अगर परंपरा की मर्यादा जुड़ी है तो डीजे की आवाज को भी उसी संवेदनशीलता से देखना होगा। संस्कृति के नाम पर संस्कृति को ही पीछे नहीं छोड़ा जा सकता।
आखिरकार बदरीनाथ कोई कॉन्सर्ट ग्राउंड नहीं है और केदारनाथ कोई पर्यटन थीम पार्क नहीं। ये ऐसे धाम हैं जहां सदियों से लोग अपने भीतर की शांति तलाशने आते रहे हैं।
देवभूमि को पर्यटन चाहिए, रोजगार चाहिए, विकास चाहिए और आधुनिक सुविधाएं भी चाहिए। लेकिन उसे अपनी आत्मा की कीमत पर यह सब नहीं चाहिए।
भगवान को टूरिज्म पैकेज में शामिल करने से पहले शायद हमें यह तय करना होगा कि तीर्थ आखिर है क्या—एक बाजार, एक ब्रांड या वह जगह जहां इंसान कुछ देर के लिए बाजार से दूर होकर अपने भीतर झांक सके?
क्योंकि अगर हर पवित्र जगह को सिर्फ ‘डेस्टिनेशन’ बना दिया गया, तो एक दिन हमारे पास घूमने की जगहें तो बहुत होंगी, लेकिन तीर्थ बहुत कम बचेंगे।























