ताजा खबरें

New Recipe

सावधान! कहीं चंद रुपयों के लालच में साइबर ठगों का मोहरा तो नहीं बन रहा आपका बच्चा?

52 गढ़ समाचार। आज की हमारी यह विशेष रिपोर्ट उन सभी अभिभावकों के लिए है जिनके बच्चे स्कूल या कॉलेज में पढ़ते हैं। आज के डिजिटल युग में जहाँ सुविधाएँ बढ़ी हैं, वहीं साइबर अपराधों का जाल भी तेज़ी से फैल रहा है। अब साइबर ठगों ने ठगी का एक नया और खतरनाक तरीका निकाल...

‘डिजिटल इंडिया’ और उत्तराखंड का बफरिंग सच

उत्तराखंड के इन गांवों में आज भी नेटवर्क खोजने के लिए पहाड़ चढ़ना पड़ता है देहरादून: देश में 5G इंटरनेट की धूम है। हम चांद और सूरज तक पहुंच चुके हैं और शहरों में लोग बिना रुके हाई-स्पीड वीडियो देख रहे हैं। लेकिन ‘डिजिटल इंडिया’ के इस चमकते पोस्टर के पीछे एक स्याह अंधेरा भी...

52 गढ़ समाचार विशेष: उत्तराखंड में स्वरोजगार की उड़ान, जानिए सरकार की वो 6 प्रमुख योजनाएं जो बना सकती हैं आपको आत्मनिर्भर

देहरादून (52 गढ़ समाचार डेस्क): उत्तराखंड में पलायन एक गंभीर समस्या रही है, लेकिन अब पहाड़ का युवा नौकरी मांगने वाले की जगह नौकरी देने वाला बनना चाहता है। राज्य के युवाओं, महिलाओं और प्रवासियों को अपने ही गांव-कस्बे में रोजगार स्थापित करने में मदद करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कई बेहतरीन...

आपकी आवाज, आपका समाचार

आपदा प्रबंधन सभी की सामूहिक जिम्मेदारीः सीएम

Table of Content

मुख्यमंत्री ने यूएसडीएमए द्वारा शीतलहर पर आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन किया

आपदा प्रबंधन हस्तपुस्तिका तथा एसओपी का विमोचन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को सर्वे ऑफ इंडिया ऑडिटोरियम, हाथीबड़कला में शीतलहर पूर्व तैयारी विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने शीतलहर, बाढ़, मॉक अभ्यास, हवाई यातायात सहायता की एस.ओ.पी., आपदा प्रबंधन विभाग के नववर्ष कैलेंडर 2026 एवं आपदा प्रबंधन हस्तपुस्तिका का विमोचन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवा आपदा मित्रों एवं वर्ष 2025 में आपदा के दौरान राहत एवं बचाव में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया। आपदा प्रबंधन के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा उपलब्ध कराए गए चार वाहनों का भी मुख्यमंत्री ने फ्लैग ऑफ किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आपदा प्रबंधन में किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि समस्त प्रशासन, स्थानीय निकायों, स्वयंसेवी संगठनों और आम जनता की सहभागिता आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में आपदा जोखिम न्यूनीकरण को एक प्रमुख एजेंडा बनाया गया है। उत्तराखंड सरकार भी उन्हीं के मार्गदर्शन में आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर विशेष जोर दे रही है।

राज्य में ड्रोन सर्विलांस, जीआईएस मैपिंग, सैटेलाइट मॉनिटरिंग एवं अर्ली वार्निंग सिस्टम को सुदृढ़ बनाया जा रहा है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेंसर लगाने, डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम एवं आधुनिक रैपिड रिस्पॉन्स टीमों के गठन जैसे कदमों से आपदा जोखिम को घटाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे हिमालयी राज्य में हिमस्खलन (एवलांच) एक गंभीर प्राकृतिक जोखिम है।

राज्य के कई क्षेत्र हिमस्खलन की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माने जाते हैं। इन क्षेत्रों में पर्यटन, तीर्थाटन एवं पर्वतारोहण गतिविधियों को सुरक्षित बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत करने, आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग, प्रशिक्षित रेस्क्यू बलों की तैनाती तथा सुरक्षित पर्यटन प्रोटोकॉल को और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

शीतलहर और अत्यधिक हिमपात से उत्पन्न चुनौतियों से प्रभावी रूप से निपटने के लिए भी राज्य में कई ठोस और व्यावहारिक कदम उठाए गए हैं। सभी जिलों को अर्ली वार्निंग सिस्टम से जोड़ा गया है और अलाव, रैन बसेरों तथा कंबलों की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश भी जिलाधिकारियों को दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन आपस में बेहतर तालमेल बनाए रखें और अर्ली वार्निंग सिस्टम को और अधिक सुदृढ़ करते हुए शीतलहर तथा हिमपात वाले क्षेत्रों में समय पर चेतावनी और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें।

शीतलहर के दौरान हाइपोथर्मिया, जुकाम, फ्लू, निमोनिया जैसी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सभी जिला अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और मोबाइल मेडिकल टीमों को सक्रिय रखना होगा। विशेष रूप से सीमांत और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आवश्यक दवाइयों, हीटिंग उपकरणों एवं प्राथमिक उपचार सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित करनी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समुदाय आधारित आपदा प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए ‘युवा आपदा मित्र’ एवं ‘आपदा सखी’ जैसी पहल को और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि इस कार्यशाला के माध्यम से शीत ऋतु के दौरान होने वाली संभावित चुनौतियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा तथा विभागों के मध्य समन्वय को मजबूत किया जाएगा।

 

उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन निरंतर सीखने की प्रक्रिया-रूहेला
राज्य सलाहकार समिति, आपदा प्रबंधन विभाग के उपाध्यक्ष विनय रूहेला ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे हिमालयी और आपदा-संवेदनशील राज्य में आपदा प्रबंधन केवल एक विभागीय कार्य नहीं, बल्कि निरंतर सीखने, तैयारी करने और मैदान में प्रभावी ढंग से उतरने की प्रक्रिया है। बीते वर्षों में हमने यह अनुभव किया है कि आपदाएं स्वरूप बदल रही हैं, कभी शीतलहर, कभी बाढ़, कभी भूस्खलन और कभी अचानक घटित होने वाली घटनाएं।

ऐसे में हमारी तैयारी भी उतनी ही बहुआयामी और व्यावहारिक होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोल्ड वेव का प्रभाव मैदानी, शहरी और पर्वतीय क्षेत्रों में अलग-अलग रूप में सामने आता है। कहीं रैन बसेरों और बेघर लोगों की चुनौती है, तो कहीं दूरस्थ गांवों में ईंधन, बिजली और संपर्क की समस्या। इसलिए एक ही समाधान सब जगह लागू नहीं किया जा सकता, जिसके लिए क्षेत्र-विशिष्ट तैयारी जरूरी है।

 

एनडीएमए उत्तराखण्ड के साथ मजबूती से खड़ा है- राजेंद्र सिंह
एनडीएमए के विभागाध्यक्ष एवं सदस्य राजेंद्र सिंह ने कहा कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक और सामाजिक संवेदनशीलता को वे केवल एनडीएमए का विभागाध्यक्ष होने के नाते ही नहीं, बल्कि व्यक्तिगत रूप से भी भली-भांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं चकराता क्षेत्र से हैं और इस क्षेत्र की शीत जलवायु, कठिन जीवन परिस्थितियों और यहां के लोगों की सहनशीलता से गहराई से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से वे उत्तराखण्ड को आश्वस्त करते हैं कि एनडीएमए उत्तराखण्ड के साथ हर स्तर पर खड़ा है।

नीति मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और राष्ट्रीय स्तर के सर्वोत्तम अनुभवों को साझा करने में एनडीएमए पूरी तरह सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे राज्यों के अनुभव देश के अन्य हिमालयी और पर्वतीय क्षेत्रों के लिए भी मार्गदर्शक सिद्ध हो सकते हैं।

आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाएंगी एसओपी-सुमन
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शीतलहर प्रबंधन केवल सैद्धांतिक चर्चा तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर लागू होने योग्य, व्यावहारिक और समयबद्ध रणनीतियों के रूप में विकसित हो। कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न विभागों की भूमिकाओं और उत्तरदायित्वों को और अधिक स्पष्ट करना, विभागीय समन्वय को मजबूत करना, पूर्व चेतावनी प्रणाली और फील्ड-लेवल प्रतिक्रिया को सुदृढ़ करना तथा तैयारियों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है।

आपदा प्रबंधन हस्तपुस्तिका और एसओपी का विमोचन

शुक्रवार को आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शीतलहर प्रबंधन, वायु सेवा अनुरोध, बाढ़ प्रबंधन तथा मॉक ड्रिल के आयोजन एवं क्रियान्वयन हेतु मानक संचालन प्रक्रिया का विमोचन भी किया।

इन एसओपी के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया है कि आपदा की प्रत्येक अवस्था-चाहे वह पूर्व चेतावनी एवं तैयारी का चरण हो, आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया एवं समन्वय की स्थिति हो अथवा आपदा के पश्चात राहत-बचाव और पुनर्वास की प्रक्रिया हो-हर स्तर पर संबंधित विभागों, अधिकारियों एवं कार्मिकों की भूमिका, जिम्मेदारी और अपेक्षित कार्यवाही पूरी तरह स्पष्ट रहे। इसके साथ ही युवा आपदा मित्र योजना के तहत प्रशिक्षण ले रहे स्वयंसेवकों के लिए आपदा प्रबंधन हस्तपुस्तिका का भी विमोचन किया गया।

नव वर्ष कैलेंडर का विमोचन
उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिरकरण की ओर से आईईसी गतिविधियों के तहत मुद्रित नव वर्ष 2026 कैलेण्डर का विमोचन भी मुख्यमंत्री ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि माह-विशिष्ट आपदाओं से बचाव संबंधी जानकारी को कैलेण्डर में समाहित किया गया है, इससे कहीं न कहीं व्यापक स्तर पर जागरूकता का प्रचार-प्रसार होगा।

युवा आपदा मित्रों का सम्मान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को कोल्ड वेव पर आयोजित कार्यशाला के दौरान  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले युवा आपदा मित्रों का भी सम्मान किया।

एनडीआरएफ के साहसी जवानों का सम्मान

कार्यशाला में दिनांक 16 सितम्बर 2025 को देहरादून जनपद के प्रेमनगर क्षेत्र में स्वर्णा नदी में आई अचानक बाढ़ के दौरान बिजली पोल पर फंसे एक व्यक्ति का सुरक्षित रेस्क्यू करने वाले एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर लक्ष्मण थपलियाल तथा हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह को सम्मानित किया गया।

Team 52 Garh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरे अभी अभी

अगर आप उत्तराखंड के किसी गावं से है और अपने गाव की समस्या को प्रदेश सरकार व जनता तक लाना चाहते है तो आप हमारे ग्रुप में जुड़ सकते है,

सम्पादकीय

देहरादून

विचार

सफलता और संघर्ष

©2023. All rights reserved 52 Garh Samachar. Developed & Design By Velametric Global. Contact: 9389394933